मऊ। जिले में दो माह से लंबे समय से जीरो कोरोना संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। जिले के दो लोग ट्रूनाट जांच में संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या तीन पहुंच गई है। हालांकि इन दोनों मरीजों की जांच जिले के बाहर हुई, जिसमें इनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ. एसएन दुबे ने बताया कि सोमवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर मेडिकल टीमों ने 556 संदिग्धों की एंटीजेन से जांच की। वहीं 1723 संदिग्धों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट मिली। इसमें कोपागंज ब्लाक निवासी 45 वर्षीय महिला आजमगढ़ जिले में जांच के दौरान संक्रमित मिली। जबकि मधुबन तहसील का एक युवक वाराणसी के एक निजी अस्पताल में जांच के दौरान संक्रमित पाया गया। सीएमओ ने बताया कि जिले के दो नए संक्रमित मरीजों के मिलने से सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हो गई है। बताया कि जिले में अब तक 80334 मरीज मिल चुके है, इसमें 8 हजार 253 मरीज रिकवर हो चुके है। जबकि 80 मरीजों की मौत हो चुकी है।