मधुबन थाना क्षेत्र के मरियम मटूरी गांव से 100 मीटर दूरी पर बुधवार को दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार को बचाने में एक कार अनियंत्रित होकर पानी भरे खेत में जा पलटी। इस हादसे में कार में सवार 70 वर्षीय वृद्धा समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार को रेस्क्यू कर निकाला और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के बहरवा मठिया निवासी दिनेश गिरी (42) पुत्र रामबदन बुधवार को दोपहर में अपने बड़े भाई अवधेश (50) के साथ मधुबन थाना क्षेत्र के कटघरा शंकर निवासी बुआ विद्यावती (70) पत्नी सूर्यभान को छोड़ने के लिए मधुबन जा रहे थे। वह मधुबन थाना क्षेत्र के मरियम मटूरी से करीब 100 मीटर पहले नहर मार्ग के पास पहुंचे थे कि चालक दिनेश ने सड़क पर पहले से खड़े एक बाइक सवार द्वारा यू टर्न लेते देख कार की दिशा बदल दी। इसी बीच नहर मार्ग से एक दूसरे बाइक चालक के अचानक सामने आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में दिनेश गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाए। परिणामस्वरूप कार अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे पानी भरे खेत में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने पर मधुबन एसओ विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर फतेहपुर मंडाव सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विद्यावती तथा अवधेश को मृत घोषित कर दिया। कार चला रहे दिनेश भी घायल हैं।