मऊ। सरायलंखसी थाना क्षेत्र के नियामुपुर की महिलाओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कस्बा स्थित ताड़ी की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि ताड़ी की दुकान के चलते यहां नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, जहां इनके द्वारा गुजरती महिलाओं और गांव की युवतियों पर गलत टिप्पणी करते हैं। महिलाओं ने बीस मिनट तक प्रदर्शन करने के बाद इसे बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल शमा गौतम, किरण, कुसुम, बसंती, सुमन, सरोज, सुखवंती, बचुनी, पप्पु भारती आदि महिलाओं ने बताया कि गांव में आबादी से सटे ताड़ी की दुकान है। वहां के लोगो की भीड़ इकठ्ठा करा करके ताड़ी और देशी व कच्ची शराब पिलाने और जुआ खेलने का काम किया जा रहा है। ताड़ी व शराब पी लेने के बाद वहां जो लोग बाहरी आते है वे लोग ताड़ी पीकर नशे में धुत अश्लील हरकत करते हैं, उसी रास्ते से गांव की बच्चियां स्कूल पढ़ने जाती है। ताड़ी पीने वाले लोगो के इस हरकत से पूरे गांव की बच्चियां और महिलाएं डरी और सहमी रहती हैं।