सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बरपुर मोहल्ले में पुलिसकर्मी के मकान में हुई चोरी के बाद बिखरा सामान, खुली हुई आलमारी।
- फोटो : mau
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ी रस्तीपुर नई बस्ती में शनिवार की रात चोरों ने एक सिपाही के घर से नकदी समेत तीन लाख रुपए के आभूषण और कीमती मोबाइल चुरा लिए। परिवार के सदस्य सुबह जगे तो चोरी का पता चला। गृहस्वामी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। बड़ी रस्तीपुर नई बस्ती निवासी सरोज देवी पत्नी सुरेंद्र राम का मकान है। सरोज के पति सुरेंद्र राम कुशीनगर जिले में पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। घर पर सरोज और उनका छोटा बेटा आलोक और बेटी स्मृति रहते हैं।
शनिवार की रात में सरोज और उनका छोटा बेटा आलोक घर में सोए थे जबकि बेटी स्मृति छत पर सोई हुई थी। चोर रात में छत के रास्ते घर में घुसे और उन्होंने घर में सो रहे लोगों के कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। बाद में चोर कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़ा गहनों सहित करीब ढाई लाख मूल्य के आभूषण और तीस हजार रुपये नगदी, तीन मोबाइल, रजिस्ट्री के कागजात ,चेक बुक के साथ हस्ताक्षर किया हुआ चेक चुरा ले गए। सीओ सिटी राजकुमार का कहना है कि भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही।