मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अदरी मोड़ स्थित पान की दुकान पर रविवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। अदरी देहात के सिधौना निवासी रामबिहारी चौरसिया रविवार की देर शाम दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह जब दुकानदार दुकान पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा देख सन्न रह गया।
दुकान के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखा कोल्डड्रिंक, पानी की बोतल, इंवर्टर के साथ 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। दुकानदार ने बताया कि इससे पूर्व भी चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लेकिन आज तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई हैं। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।