चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के नवापुरा स्थित शिव मंदिर के पास शुक्रवार की देर शाम दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर बीज कंपनी के सेल्समैन की बाइक, मोबाइल और 15 सौ रुपए छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई में जुटी है।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के पचिस्ता निवासी सुरेंद्र यादव पुत्र रामाधार यादव शुक्रवार की देर शाम चिरैयाकोट बाजार में बीज की दुकान से बातचीत कर घर के लिए निकला था। वह एक बीज कंपनी के सेल्समैन के रूप में कार्य करता है। वह बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकला था, जैसे ही वह अपने घर से एक किलोमीटर पहले नवापुरा स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा, दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रुकवा लिया। बदमाशों ने उसे तमंचे से आतंकित कर उसकी बाइक, मोबाइल और जेब में रखा 15 सौ रुपए छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद वह डरा सहमा अपने घर पहुंचा और परिजनों को उसकी सूचना दी। पीड़ित ने थाने में घटना के संबंध में तहरीर दी है। इस संबंध में एसओ अविनाश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। घटना के संबंध में छानबीन की जा रही है।