मऊ। अवैध निर्माण के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में प्रशासन की बुलडोजर सोमवार को भी नगर में गरजा। शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी स्थित एक अवैध रूप से बने दो मंजिला भवन को आखिरकार प्रशासन ने ढहा दिया। भवन को खाली करने के लिए प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस दी गई थी।
यह भवन पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध रूप से नाले पर निर्माण किया गया था। कार्रवाई को लेकर मौके पर हड़कंप की स्थिति रही। भीटी निवासी मुसाफिर सिंह द्वारा नाले के ऊपर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट के कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा था। इसकी सुनवाई करते हुए भवन को खाली करने की नोटिस पूर्व में थमाई गई थी।
सोमवार को नगर पालिका की टीम के साथ जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने दो मंजिला भवन को ध्वस्त कराया। इस मौके पर प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट आशुतोष राय, सीओ सिटी धनंजय मिश्रा, ईओ नगर पालिका दिनेश कुमार, शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे। प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट आशुतोष राय ने कहा कि अवैध निर्माण को लेकर पूर्व में भी नोटिस दी गई थी। नाले के ऊपर किए गए निर्माण को ढहाया गया है।