मऊ। पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षक कर्मचारी अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के बैनर तले 30 नवंबर को लखनऊ के ईको गार्डेन पर आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शिक्षक, कर्मचारी दिन रात एक कर दिए हैं। शिक्षक, कर्मचारी 29 नवंबर की शाम जिले के प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय से बस द्वारा लखनऊ कूच करेंगे।
किसानों के आंदोलन के बाद अब शिक्षक कर्मचारी अधिकारी पेंशनर्स अधिकार मंच ने भी सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए संगठन की तरफ से 30 नवंबर को लखनऊ के इको गार्डन मेें धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। शिक्षक कर्मचारी अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों के साथ ही ब्लाक मुख्यालयों का दौरा कर शिक्षकों की बैठक लिया। साथ ही धरने में शामिल होने के लिए शिक्षकों, कर्मचारियों से समर्थन मांगा।
कहा कि जिले के प्रत्येक ब्लाक से एक-एक बस की गई है। प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय से 29 नवंबर की शाम बस से शिक्षक, कर्मचारी लखनऊ कूच करेंगे। कहा कि कृषि कानूनों की तरह न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) व्यवस्था को वापस लेकर लाखों लाख शिक्षकों-कर्मचारियों व अधिकारियों को बुढ़ापे में पुरानी पेंशन का संबल प्रदान कराना है।