मऊ। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं संभव अभियान के सफल आयोजन के संबंध में विकास भवन के सभागार में बैठक हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य की प्रगति में संतोषजनक फीडबैक न मिलने पर सभी एडीओ पंचायत सहित संबंधित अन्य कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर वॉल पेंटिंग न होने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी मुहम्मदाबादगोहना और रतनपुरा से स्पष्टीकरण मांगा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान, उपचार और प्रबंधन को सुनिश्चित करना है। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पोषण समिति और संभव अभियान की समीक्षा करते हुए समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं में वजन मापन सुधार के लिए गर्भवती महिलाओं का वजन समय-समय पर कराती रहें।
ई-कवच फीडिंग प्रगति की समीक्षा के दौरान ई कवच पर फीडिंग की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए फीडिंग में सुधार लाने के निर्देश समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी को दिया। आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य की प्रगति में संतोष जनक फीडबैक न मिलने पर सभी एडीओ पंचायत सहित संबंधित अन्य कर्मचारियों के वेतन बाधित करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा एडीओ पंचायत एवं आरईडी के कार्यदाई संस्था को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी भवन केंद्रों का निर्माण का कार्य जल्द पूर्ण करा लें, अन्यथा निरीक्षण के दौरान कमी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।आंगनबाड़ी केंद्रों पर वाल पेंटिंग का कार्य न होने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना एवं रतनपुरा को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिले को 1199 का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अभी तक मात्र 206 लाभार्थियों को पंजीकृत किया जा सका है। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेन्द्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।