हादसे की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल सीता यादव और रानीपुर एसओ अखिलेश यादव भी पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। घटना से पूरे गांव मे मातम पसर गया। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी कच्चे मकान व दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य घायल हो गए थे। अकेले जौनपुर जिले में एक ही परिवार के तीन समेत चार लोगों की मौत हुई थी। वहीं आजमगढ़ और बलिया में एक-एक लोगों की मौत हुई थी।
रात भर हुई बारिश, घरों से लेकर दुकानों में घुसा पानी
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले में बृहस्पतिवार की रात से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बेहाल है। सड़क से लेकर दुकानों तक और मकान से लेकर अस्पताल तक हर जगह जलजमाव की स्थिति है। शहर के गाजीपुर तिराहा पर औद्योगिक आस्थान में कई फैक्ट्रियों में बारिश का पानी घुस गया है।
फातिमा अस्पताल, मठिया टोला मुहल्ले में निचले हिस्से में और मुंशीपुरा से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के सभी निचले इलाकों के घरों में बारिश का पानी घुस गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक यूपी के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।