मऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कल्पनाथ राय के गांव से होकर गुजरी शहीद मार्ग के मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारियों की आखिरकार नींद टूट ही गई। अमर उजाला ने मंगलवार को विकास के मामले में पिछड़ता जा रहा है सेमरीजमालपुर शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग में हड़कंप मच गया।
भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से सड़क पर मरम्मत कार्य कराने का मामला उठाया। अधिशासी अभियंता के फरमान पर विभागीय अधिकारियों ने सड़क पर बने गड्ढों को भरने का कार्य शुरू करा दिया। सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों में हर्ष का माहौल रहा।
शहीद मार्ग सेमरीजमालपुर होते हुए मधुबन तक गया है। एक जमाना था मऊ से मधुबन जाने वाले शहीद मार्ग की गिनती पूर्वांचल में होती थी। विभागीय लापरवाही से सड़क गड्ढे में तब्दील होती जा रही है। विभागीय लापरवाही की स्थिति यह है कि लोगों का चलना भी दुश्वार हो गया है। सड़क जगह-जगह टूट जाने से वाहन से चलना तो दूर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। सड़क दुर्घटना का ग्राफ बढ़ गया है।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होनेके बाद हड़कंप मच गया। खबर प्रकाशित होने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. सीता राय ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से सड़क मरम्मत कार्य कराने का मामला उठाया। अधिशासी अभियंता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्य कराने का फरमान जारी किया। मंगलवार को अपराह्न सड़क पर बने गड्ढों को भरने का शुरू हुआ तो लोगों में हर्ष का माहौल रहा। इस बाबत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह का कहना था कि शहीद मार्ग पर बने गड्ढों को भरने के लिए सहायक अभियंता को निर्देश दे दिया गया है।