मधुबन ब्लाक संसाधन केंद्र पर प्रशिक्षण के दौरान मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।संवाद
मधुबन। नगर पंचायत के कस्बा स्थित ब्लाॅक संसाधन केंद्र पर शनिवार को पोषण भी पढ़ाई भी प्रशिक्षण के तीसरे दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रारंभिक बचपन देखभाल, शिक्षा और पोषण प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी अश्वनी कुमार राय ने कहा कि अपनी समझ को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण, केस स्टडीज और नवीनतम शैक्षिक तकनीकों पर केंद्रित सत्रों में भाग लेना होता है। इस दिन वे खेल-आधारित गतिविधियों और साप्ताहिक कैलेंडर के साथ-साथ बच्चों के लिए आहार संबंधी दिशानिर्देशों, स्वच्छता और विकास की निगरानी जैसी पोषण संबंधी बातों का भी अभ्यास करते हैं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए पोषण और शिक्षा को एकीकृत करना है। सीडीपीओ रीता सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं को बच्चों के लिए प्रारंभिक शिक्षा को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए नवीनतम शैक्षिक तकनीकों और खेल-आधारित गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। बच्चों के कुपोषण का प्रबंधन कैसे करें, सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को कैसे पूरा करें, बच्चों के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण ट्रैकिंग की निगरानी कैसे करें, इस बारे में जानकारी दी। बताया कि प्रशिक्षण का अंतिम लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।