जनपद के सभी नौ ब्लाकों में रविवार को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान ब्लाकों पर भारी गहमागहमी का माहौल रहा। जिले की सभी 684 ग्राम पंचायतों में महज 575 ग्राम प्रधान एवं संबंधित सदस्य ही शपथ ले पाए। शेष 108 ग्राम पंचायतों के जीते हुए प्रत्याशी अपने यहां सदस्य पदों के रिक्त होने के चलते शपथ से वंचित हो गए। इन स्थानों पर सदस्य पदों के दुबारा चुनाव कराए जाने के बाद ही यहां के जीते ग्राम प्रधान शपथ ले पाएंगे।
घोसी ब्लॉक के सभागार में रविवार को 72 में से 56 ग्रामप्रधानों को जिला पंचायत राजअधिकारी डीसी शर्मा ने पद एवयं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 15 ग्रामसभाओं में सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण वहा के प्रधान तथा बरौली के प्रधान विंध्याचल यादव आज शपथ नही ले सके। डीपीआरओ ने कहा कि ग्रामसभा का गठन 26 दिसंबर से विधवत हो जाएगा।
विकास खंड फतेहपुर मंडाव में 74 ग्रामसभा के नवनिर्वाचित ग्रामप्रधानों ने शपथ ली। शपथ बीडीओ मनोज वर्मा ने दिलाई। शेष 8 को सदस्य पदों के भरे जाने पर शपथ दिलाई जाएगी।
मुहम्मदाबाद गोहनाः ब्लाक में नवनिर्वाचित 65 ग्राम प्रधानों को खंड विकास अधिकारी गुलाब चंद सोनकर ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी। 18 ग्राम प्रधान शपथ से वंचित रह गए।
बोझी बाजारः बड़रांव ब्लाक परिसर में 60 ग्राम पंचायतों नवनिर्वाचित प्रधानों ने शपथ ली। 12 जीते ग्राम प्रधान शपथ सदस्यों की कमी के चलते नहीं ले पाए।
रानीपुर ः ब्लाक के 92 ग्राम पंचायतों में से 76 ग्राम प्रधानों ने ब्लाक सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। 16 ग्राम पंचायतों के जीते ग्राम प्रधान इससे वंचित रहे। शपथ बीडीओ शिवमूर्ति रावत एवं एडीओ पंचायत श्रीकांत मिश्रा ने दिलाई।
दोहरीघाट ः यहां 74 में से 64 ग्राम प्रधानों ने शपथ ली। जबकि दस ग्राम पंचायतों के जीते प्रधान सदस्य पद खाली हाेने से शपथ नहीं ले सके। रतनपुराः ब्लाक सभागार में 66 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान 11 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सके। बीडीओ अनुराग ने सभी को शपथ दिलाई।
कोपागंज ः71 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। दस ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं सदस्य शपथ से वंचित हो गए।