मऊ। सरकार की तरफ से युवाओं को स्वावलंबी बनाने और रोजगार दिलाने के तमाम जागरुकता अभियान चलाए जाने के बावजूद आईटीआई में प्रवेश के लिए छात्र रुचि नहीं ले रहे हैं। जिले के दो राजकीय आईटीआई और 82 निजी आईटीआई में 10795 सीटों के सापेक्ष सिर्फ 1695 आवेदन आए हैं। जबकि आवेदन करने की समय सीमा पांच जून तक ही थी।
जिले में युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए जिले में दो राजकीय सहित 82 निजी आईटीआई में 10795 सीटें हैं। नगर स्थित दो राजकीय आईटीआई में 795 सीटें हैं। जबकि निजी आईटीआई में 10 हजार सीटें हैं। आईटीआई में संचालित प्रमुख ट्रेडों पर नजर डाला जाए तो कोपा, बेसिक कास्टमोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ड्राफ्ट मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रानिक मेकेनिक, फैशन टेक्नोलाजी, फीटर, मोटर मेकेनिक, आरएसी, आशुलिपिक आदि ट्रेडों में छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा दी जाती है।
आईटीआई मेें प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाता है। राजकीय आईटीआई में लगभग 25 दिनों से चल रही प्रवेश प्रक्रिया में आए आवेदनों पर नजर डाला जाए तो सरकारी आईटीआई के लिए 468, निजी आईटीआई के लिए 387, सरकारी और निजी दोनों के लिए 191 और अन्य माध्यमों स्टेट बैंक आफ इंडिया, यूनियन बैंक आफ इंडिया से 649 सहित 1695 आवेदन किए गए हैं। सूत्रों की मानें तो कम आवेदन आने के चलते आवेदन जमा करने की तिथि बढ़ सकती है। अधिकारियों की मानें तो आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए छात्रों को जागरूक किया जा रहा है। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य अरुण यादव का कहना है कि आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है।