कोपागंज। थाना क्षेत्र के एक युवती ने कोपागंज थाने में तहरीर दी। तहरीर में युवती ने थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कोपागंज के जुम्मनपुरा नयापुरा निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दवाब बनाने पर उसके अश्लील वीडियो वायरल करने के साथ तीन लोगों द्वारा छेड़छाड़ करने तथा उसे जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया।
तहरीर में पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक ने उसके पहले अपने विश्वास में लेते हुए मित्रता की, इसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगी। इस दौरान युवक ने उसके साथ शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध में बनाए। आरोप लगाया कि जब वह दो वर्ष बीतने के बाद शादी करने को लेकर दवाब बनाने लगा तो आरोपी ने पहले से बनाए अश्लील वीडियो को वायरल कर दिया गया। जब वह उसकी शिकायत पुलिस से की तो तीन अन्य लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस तहरीर मिलने पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। इस बाबत कोपागंज थानाध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि पीड़िता द्वारा तहरीर मिली है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।