मऊ सुभासपा कार्यालय में बैठक करते ओमप्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
घोसी उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर मंगलवार को मऊ पहुंचे। भीटी स्थित सुभासपा कार्यालय में हार के कारणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुभासपा कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तन-मन-धन से जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि आप अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना साधें। अगर कोई आपको कुछ भी कहता है तो उसे अनदेखा कीजिए। आप बस अपने लक्ष्य की ओर ध्यान दीजिए।
समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने कहा कि घोसी की जनता ने जो जनादेश दिया वो हमें स्वीकार है। जो कमियां रह गईं थीं उसको सुधार कर आगमी चुनाव में हम एनडीए के साथ मैदान में रहेंगे। कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों का हक लूटने का काम करती है। वहीं, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी पिछड़ों का हक दिलाने का काम करती है।
सपा नेता कर रहे अनर्गल बयानबाजी
सुभासपा की बढ़ती लोकप्रियता से समाजवादी पार्टी बौखला गई है। वह लगातार ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साध रही है। सपा के नेता और उनके कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।