उद्यमियों की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह होने वाली जिला उद्योग बंधु की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान बैठक में शामिल न होने पर अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया।
उद्यमियों की शिकायत थी कि सड़क की मरम्मत पिछली कई बार की बैठकों में उठाया जाता रहा है। लेकिन इस पर कोई सार्थक पहल नहीं हो पाती है। जिलाधिकारी ने सड़क की मरम्मत के लिए उ.प्र. अवस्थापना विकास कोष से 34 लाख के बजट की मांग के लिए शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उद्यमियों ने शिकायत की कि औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में सिंचाई विभाग के नाले की सफाई कई सालों से नहीं कराई गई है, जिससे परिसर में काफी गंदगी का वातावरण हो गया है। डीएम ने अधिशासी अभियंता को नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई के उपस्थित नहीं थे, इससे नाराज डीएम ने उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उद्यमियों की मांग पर औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में रोड लाइट लगाने के निर्देश दिये गए। बैठक में बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा 18 लाख की लागत से नाले एवं पटरी का निर्माण कराया जा रहा है। नाले का निमार्ण हो जाने पर जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी। बैठक में प्रमुख उद्यमियों के साथ उपायुक्त उद्योग कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी गिरिजेश कुमार त्यागी, नगर मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय, क्षेत्राधिकारी नगर सुशील कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेश।