विकास खंड फतेहपुर मंडाव के खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण यादव को एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने मारकर हाथ पैर तोड़ने की धमकी दे डाली। कार्यालय में तैनात दो समन्वयकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस को लेकर धमकाया गया है। सपा नेता ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए एक समन्वयक को अपना रिश्तेदार बताया। बात न मानने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को हाथ पैर मारकर तोड़ देने की धमकी दी। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी एवं एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विकास खंड फतेहपुर मंडाव में श्रवण यादव खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में तैनात हैं। मधुबन में स्थित बीआरसी पर सह समन्वयक के रूप में अध्यापक संजय यादव व हृदयानंद सिंह तैनात हैं। श्रवण यादव का कहना है कि बीआरसी पर दोनों समन्वयक आये दिन गायब रहते हैं। इसकी सूचना उन्हें हुई तो उन्होंने औचक निरीक्षण किया, दोनों समन्वयक गायब मिले। खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण यादव ने संजय यादव को 21 मार्च और हृदयानन्द सिंह को 15 से 21 मार्च तक बिना बताये आफिस से गायब रहने पर अनुपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। 22 मार्च को खंड शिक्षा अधिकारी के मोबाइल पर 4 बजकर 59 मिनट पर कॉल आया। दूसरी तरफ से कहा गया की मैं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सपा नेता बोल रहा हूं। संजय यादव हमारे रिश्तेदार है इनके खिलाफ कोई कार्रवाई की तो मारकर हाथ पैर तोड़ दिया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण यादव ने अपनी गलती पूछा तो गाली गलौज करने लगे इसके चलते उन्होंने फोन काट दिया। शनिवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीना को पत्र लिखकर खंड शिक्षा अधिकारी ने सुरक्षा की गुहार लगाई। जिलाधिकारी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपी के विरुद्ध जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
एसपी शिवहरि मीना का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।