मऊ। कोरोना संक्रमण के संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर एक बार फिर से नाइट कर्फ्यू का प्रतिबंध लग गया है। नाइट कर्फ्यू से नववर्ष की पार्टियों तथा जनवरी और फरवरी में होने वाली शादियों पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है। टेंट व कैटरिंग कारोबारियों से लेकर अन्य सजावट, फूल, बैंड, बाजा और आतिशबाजी वालों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। क्योंकि शादी में अतिथियों की संख्या की बाध्यता के चलते अब हर कोई सिर्फ सादगी से ही शादी करना चाहेगा।
कोरोना संक्रमण के नया वेरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ की दस्तक देश के कई प्रदेशों में सुनाई देने लगी है। हालांकि अभी जनपद इससे बचा हुआ है। संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर शासन प्रशासन की तरफ से रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। शादी समारोह में भी लोगों की संख्या 200 तक सीमित कर दी गई है। इसके अलावा अन्य गाइडलाइन जारी की हैं। 14 जनवरी के बाद से वैवाहिक लग्न शुरू हो रहा है। शादी समारोह समेत अन्य आयोजनों में लोगों की संख्या सीमित कर दी गई है। जिसका असर होटलों, प्लाजा में होने वाले नववर्ष और आगामी जनवरी- फरवरी की शादियों पर पड़ सकता है। क्योंकि रात्रि कर्फ्यू रहेगा तो मेहमान कैसे आएंगे, खुद वेडिंग कारोबार से जुड़े कारोबारियों और उनके कर्मियों को भी आवाजाही में दिक्कत आएगी।
कारोबारी राजा ज्योति सिंह ने बताया कि शादी समारोह समेत अन्य आयोजनों में लोगों की संख्या की सीमित कर दी गई है। जिसका असर कार्यक्रमों तथा जनवरी-फरवरी की शादियों पर पड़ेगा। संभावित तीसरी लहर से हर वर्ग के लोगों को चिंता में डाल दिया है। इसके लिए हम सभी को कोरोना टीका लगवाने सहित कोविड गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। ताकि संभावित तीसरी लहर से बचा जा सके। वहीं, कैटरिंग कारोबारी संतोष मद्धेशिया ने बताया कि कोरोना संक्रमण तथा लाकडाउन से काफी नुकसान हुआ है। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था। एक बार फिर प्रतिबंध लागू होने से कारोबार पर असर पड़ेगा। आर्डर में भी कमी आएगी। प्रतिबंध आगे न बढ़े, इसके लिए हम सभी को कोविड प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए।
रेस्टोरेंट कारोबारी गौरव खंडेलवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की लगातार दो लहर ने कारोबारियों की कमर तोड़ कर रख दिया। अब कारोबार रफ्तार पकड़ ही रहा था कि पाबंदी शुरू हो गई। नाइट कर्फ्यू के साथ आयोजन में संख्या सीमित कर दिया गया है। इससे असर पड़ेगा। पाबंदी आगे न बढ़े इसके लिए हम सभी को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के साथ ही अन्य लोगों को जागरुक करने की जरूरत है।
बग्घी बाजा का कारोबार करने वाले अल्ताफ राजा ने बताया कि कोरोना संक्रमण तथा लाकडाउन से काफी नुकसान उठाना पड़ा। नुकसान से उबर ही रहे थे कि एक बार फिर कर्फ्यू लागू हो गया है। कर्फ्यू आगे बढ़ने की स्थिति में लोग प्लाजा, होटल आदि में शादी करने के बजाय सादगी से शादी करना पसंद करेंगे।
इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेअ त्रिभुवन ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से शासन की तरफ से नाइट कर्फ्यू लागू हुआ है। ये पाबंदियां और बढ़ाने की नौबत न आए। इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कोरोना की दो लहर से हर वर्ग के लोगों का काफी नुकसान हुआ है। इसलिए जरूरी है कि भीड़ से बचें। मास्क लगाएं। टीका जरुर लगवाएं।