नगर के गाजीपुर तिराहा पर अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में अतिक्रमण को हटाती जेसीबी।
- फोटो : MAU
शहर के मुख्य मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण और पार्किंग से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। अमर उजाला ने 22 मई 2022 के अंक में दुकानों के सामने खड़े हो रहे वाहन शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिला प्रशासन ने खबर को संज्ञान में लेते हुए सोमवार को प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान के तहत लावारिस मलबा वाहन को नगर पालिका ने जब्त लिया। एआरटीओ ने तीन बस को सीज करने के साथ ही 20 गाड़ियों का चालान किया।
नगर में पार्किंग की सुविधा न होने से नगर के मुख्य बाजार, गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़, रोडवेज, मिर्जाहादीपुरा तिराह, भीटी चौराहा या सदर चौक के भीड़ भाड़ वाले बाजारों में दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर रहे हैं। सबसे बदतर हालत गाजीपुर तिराहा से बाल निकेतन तिराहा की है। यहां जाम अतिक्रमण के चलते लोग 15 मिनट का रास्ता 30 से 40 मिनट में तय करते हैं। अमर उजाला में दुकानों के सामने खड़े हो रहे वाहन शीर्षक से प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने खबर को संज्ञान में लेकर सोमवार को अतिक्रमण अभियान चलाया। प्रशासन और नगरपालिका टीम ने गाजीपुर तिराहे से अस्पताल तक रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। लावारिस मलबा वाहन को नगर पालिका ने जब्त किया। एआरटीओ रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पालिका भवन के सामने कुर्सी आदि लगाने के लिए निर्देश दिया कि यात्री बैठ सकें। सरकारी भूमि से भी अतिक्रमण हटाया गया। छोटे ठेले वालों को चूना लगा कर उनकी हद सुनिश्चित की गई और उन्हें चेतावनी दी गई कि निर्धारित सीमा से आगे न आएं अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर और नगरपालिका की टीम उपस्थित रही ।
चिरैयाकोट। नगर पंचायत चिरैयाकोट के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में सोमवार की शाम चिरैयाकोट में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जिसमें एक दर्जन से अधिक दुकानदारों से जुर्माना के रूप में 700 रुपये की वसूली की। साथ ही दुकानदारों को चेताया कि यदि दूसरे दिन भी उन्हें सड़क की पटरी पर दुकान लगाए पाया गया तो उनके खिलाफ इससे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को दिया अल्टीमेटम
मधुबन। शासन के आदेश पर सोमवार को स्थानीय प्रशासन ने कस्बे की पटरियों से अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को अल्टीमेटम दिया।अतिक्रमण मुक्त अभियान सरकार का आदेश आते ही स्थानीय प्रशासन सड़क किनारे पटरियों से अतिक्रमण हटाने में जुट गया। इसी क्रम से सोमवार को तहसीलदार आनंद कनौजिया और प्रभारी निरीक्षक सौरभ राय मधुबन कस्बे में अतिक्रमणकारियों को सड़क की पटरियों को जल्द खाली करने के लिए कहा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पटरियां खाली नहीं हुईं तो प्रशासन बुल्डोजर लगाकर खाली करेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।