मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सरयां गांव निवासी एक युवती का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर कुएं में मिला। लोगों ने कुएं में पड़ा शव देखकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, सरयां गांव निवासी सरिता(28) पुत्री पब्बर पिछले चार दिन से घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। सोमवार की सुबह लोगों ने गांव के बाहर सीवान में बने एक कुएं में एक युवती का शव देखा।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सरिता के रूप में की। सरिता मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती कई दिनों से लापता थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।