रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मेऊड़ी कला ग्राम पंचायत में स्थित मंदिर में शनिवार की रात असामाजिक तत्वों ने काली माता चौरा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होने पर ग्रामवासी आक्रोशित हो गए। पुलिस ने ग्राम वासियों की उपस्थिति में आनन-फानन क्षतिग्रस्त काली चौरा की मरम्मत कराई। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
मेऊडीकला ग्राम पंचायत में काली चौरा स्थापित है जहां महिलाएं प्रतिदिन पूजन अर्चन भजन करती हैं। जब प्रात:काल गांव की महिलाएं काली चौरा पर पूजन हवन भजन करने के लिए पहुंचीं तो क्षतिग्रस्त चौरा देखकर अवाक रह गईं। महिलाओं ने इसकी जानकारी गांव के जिम्मेदार लोगों को दी। धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही एसओ शत्रुंजय सिंह दल बल मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चौरा की मरम्मत, अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। एसओ ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर और असामाजिक तत्वों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांति कराया। एसओ ने ग्राम वासियों की उपस्थिति में राजगीर बुलाकर क्षतिग्रस्त काली चौरा की मरम्मत कराई। रविवार को दोहपर बाद लगभग दो बजे काली चौरा की मरम्मत का कार्य पूर्ण हो गया। इस अवसर दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे। एसओ शत्रुंजय सिंह ने बताया कि काली चौरा क्षतिग्रस्त करने वालों की जल्द पहचान की जाएगी और उनके विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्जकर गिरफ्तारी की जाएगी।