जिले का मधुबन तहसील क्षेत्र जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण विकास के मामले में भले ही निचले पायदान पर है। लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में यह तहसील प्रत्येक वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षा में प्रदेश व जिला में अपना उत्कृष्ट स्थान बनाए हुए है। इस वर्ष हाईस्कूल के आए परिणाम में भी क्षेत्र की दो छात्राओं ने क्रमश: सातवां स्थान और आठवां स्थान प्राप्त किया है।
दुबारी मोड़ स्थित सुभागी देवी इंटर कॉलेज की हर्षिता शर्मा ने 96.50 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में सातवां एवं दुलारी देवी विद्यावती इंटर कालेज वस्ती वर्सी निधियावं की अंजली चौहान ने 96.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त कर मधुबन की क्रांतिकारी धरती को गौरवान्वित किया है। इसी प्रकार वर्तमान सत्र में भी इंटरमीडिएट में 90.40 अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सूर्यांश सिंह पांती रोड स्थित बीपीएस पब्लिक इंटर कालेज के छात्र हैं। घाघरा नदी का किनारा होने के साथ बलिया देवरिया जिले का बॉर्डर क्षेत्र से लगा हुआ है। क्षेत्र की तमाम बदहाल सड़कें अपनी हालत पर आंसू बहा रही हैं। वहीं शिक्षा क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज की घोषणा तो हो गई। विद्यालय भवन भी लगभग बन कर तैयार हो गया है। लेकिन सत्र प्रारंभ नहीं किया जा सका है। जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करना दुष्कर हो जाता है। क्षेत्र के हरिश्चंद्र यादव, डॉ नासिर अली, मनोज पांडेय, बृजेश जायसवाल, विनोद मद्धेशिया आदि ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के उपेक्षा के कारण क्षेत्र में विकास पर ग्रहण लग गया है।