Mau News: मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव में दातुन तोड़ते समय नहर में गिरने से एक शख्स की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव में रविवार की सुबह पेड़ की डाल से नहर में गिरकर एक शख्स की मौत हो गई। नहर किनारे मौजूद बच्चों का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
धर्मसीपुर गांव निवासी विनोद कुमार भारद्वाज (41) रविवार की सुबह नहर हौज के किनारे लगे नीम के पेड़ पर चढ़कर दातून तोड़ रहे थे। पैर फिसलने से वह 15 फीट नीचे नहर के हौज में गिरकर डूब गए। नहर के हौज में उन्हें गिरता देख वहां खेल रहे छोटे बच्चे चिल्लाने लगे। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत से शव को बाहर निकाला।
ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव ने घटना की जानकारी पुलिस को सूचना दी। विनोद मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी संतान आकाश (13), आकांक्षा (12), लक्ष्मीना (10), प्रिंस (7) और पत्नी मंजू का रो- रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।