नगर के आजमगढ़ तिराहे पर लाई- चूड़ा की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : mau
मकर संक्रांति का पर्व के मद्देनजर नगर सहित ग्रामीण इलाकों के बाजारों में गहमागहमी रही। लाई, चूड़ा की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। तैयारियों को अंतिम रुप देने में लोग लगे रहे। जिले में मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा।
पर्व को लेकर बाजारों में जाम की स्थिति रही। चिरैयाकोट संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार में सामानों की खरीदारी करने वालो की दुकानों पर काफी भीड़ लगी रही। जिसमें लाई, चूड़ा, तिलवा की दुकान, कपड़े, किराने की दुकानों पर खरीदारी करने वालो की काफी भीड़ देखी गई। क्षेत्र के विभिन्न स्थानो से भारी संख्या मे सामानों की खरीदारों की भारी भीड़ होने से पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग, धर्मदासगेट से लेकर खरीहानी तिराहा, मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर चौक से लेकर बिजली कालोनी तक जाम लगा रहा।
कोपागंज संवाददाता के अनुसार मकर संक्रांति के मद्देनजर लाई चूरा खरीदारों की भीड़ बढ़ने से नगर के मुख्य सडक पर और चौक पर रविवार को सुबह से शाम तक भारी जाम लगा रहा।
रविवार को कुछ ऐसा ही नजारा बाजार के चौक व मुख्य सड़क पर देखने को मिला। मकर संक्रांति का त्यौहार की भीड़ होने के बाबजूद प्रशासन की कोई व्यवस्था न होने से घंटो तक लोग वाहनो के जाम के चलते बिलबिलाते रहें।
कुसुम्हा संवाददाता के अनुसार, मकर संक्रांति के पर्व को देखते हुए गोठा बाजार में लाई, चूरा, गुड, भेली की खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी रही।