महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे अनुपम शर्मा ने रेल लाइन दोहरीकरण सह विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति जानने के लिए शनिवार को विंडो निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पांडेय भी शामिल रहे।
महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने रेल परिचालन में सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छपरा जक्शन से विशेष गाड़ी से रवाना होकर रियर विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से निरीक्षण करते हुये रेल खण्ड पर चल रहे दोहरीकरण सह विद्युतीकरण कार्यों की जांच की। इस दौरान मिट्टी के कार्य, रेलपथ जड़ाई,बैलास्ट फैलाई, ट्रैक अलाइनमेंट, ओवर हेड ट्रैक्शन, ट्रैक्शन पोल के संस्थापन, कलर लाइट सिगनल के संस्थापन, सूचना/चेतावनी बोर्ड,प्लेटफार्म के उन्नयन एवं विस्तार, स्टेशन सेक्शन एवं ब्लॉक सेक्शन में दोहरीकरण के अनुरूप बदलाव कार्य,समपार फाटकों के बदलाव आदि का निरीक्षण किया गया।जहां उनके द्वारा सभी कार्यों को मानक के अनुरूप संरक्षा के यथोचित मानदंडों के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने छपरा-फेफना-इंदारा -भटनी-गोरखपुर विंडोट्रेलिंग निरीक्षण के क्रम में इंदारा स्टेशन के यार्ड का गहन निरीक्षण किया एवं दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी गुड़वत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।इस दौरान स्टेशन के रख-रखाव, औसत यात्री सुविधाएं एवं पेयजल की उपलब्धता तथा कोविड गाइड लाइन के पालन के साथ साफ-सफाई के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिया। साथ ही महाप्रबंधक शर्मा ने छपरा-फेफना-इंदारा-भटनी- गोरखपुर रेल खण्ड का संरक्षा निरीक्षण कर इस रेल रूट में पड़ने वाले विभिन्न सतर्कता आदेशों का संज्ञान लिया तथा परिचालनिक सुगमता एवं ट्रैक की क्षमता बढ़ाने हेतु उक्त रेल खण्ड पर चल रहे दोहरीकरण सह विद्युतीकरण कार्यों के सम्बंध में सम्बंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक राहुल श्रीवास्तव ,सी पी एम वी के शुक्ल,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) राकेश रंजन,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर जे के सिंह,एम के सिंह, अनुज वर्मा, त्रयंबक तिवारी, पंकज केशरवानी, आशुतोष शुक्ला सहित दूसरे अधिकारी मौजूद रहे।