मऊ सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अछार गांव में सोमवार की देर रात एक 48 वर्षीय व्यक्ति को तीन अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
अछार गांव निवासी अच्छेलाल यादव की शहर के हट्ठीमदारी के पास दुकान है। अच्छेलाल रोज की भांति सोमवार की देर रात दुकानबंद कर घर के लिए निकला था। गांव से कुछ दूर पहले ही अचानक बाइक से आए तीन अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। चाकू व लोहे की रॉड से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देख, जल्दीबाजी में हमलावर अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ के भाग निकले। स्थानीय लोगों ने अच्छेलाल को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।