मऊ/दोहरीघाट। प्रमुख स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को जिले से होकर गुजरने वाली तमसा तथा सरयू नदी के घाटों पर हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्घालुओं ने डुबकी लगाई। साथ ही घाटों पर स्थित मंदिरों में परपंरागत रूप से पूजा अर्चन करने के साथ-साथ गरीबों को दान भी दिया। इस बीच विभिन्न घाटों और पोखरों पर हर साल की तरह इस बार भी मेले का आयोजन हुआ। जिसमें भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर नगर तमसा के ढेकुलियाघाट, बमघाट, विसर्जन घाट सहित सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं ने डूबकी लगाया। तड़के से ही दूरदराज सहित आसपास क्षेत्रों से आए स्नानार्थियों का तांता रामघाट पर लगा रहा।जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे स्नानार्थियों की भारी भीड़ घाटों पर उमड़ती रही। लोग आस्था के इस महापर्व पर धार्मिक नगरी दोहरीघाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान कर दान पुण्य गोदान और मंदिरों में पूजन अर्चन कर कढ़ाई चढ़ाकर अपनी मन्नतें मांगी। दोहरीघाट कस्बे के रामघाट, लखन घाट, मातेश्वरी धाम घाट के पास स्नानार्थियों ने स्नान कर मंदिरों में पूजन अर्चन किया। गोदान, गरीबों को दान किया। देवी देवताओं, माता सरयू को पूड़ी हलवा बना कर कढ़ाई चढ़ाई। सेहरा चढ़ाने को लेकर नाविकों तथा श्रद्धालुओं की भारी संख्या रही। इस अवसर पर लोग अपनी मन्नते मांगते रहे।
मंदिरों में दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद राम घाट स्थित हनुमान मंदिर, शिव मंदिर, मातेश्वरी घाट स्थित आदिशक्ति जगदंबा मंदिर, जानकी घाट स्थित दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर, श्री रामचंद्र मंदिर, गौरी शंकर घाट स्थित राम जानकी मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिंग, महाकाल, भारत माता मंदिर, राम परशुराम मिलन स्थल पर श्रद्धालु माथा टेकते रहे। श्रद्धा से मुक्तिधाम में दान देते रहे।
मेला में लगा स्वास्थ्य शिविर
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा मेला में स्वास्थ्य विभाग से शिविर आयोजन किया गया। मेले में आए लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. फैजान, डॉ. दिनेश यादव, डॉ. मनीष राय, विजय बहादुर राय, मुहम्मद सिराजुद्दीन आदि शामिल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवान नाथ त्रिपाठी ने कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं स्नान के समय मातेश्वरी धाम से मुक्तिधाम घाट तक चक्रमण करते रहे। कार्तिक पूर्णिमा मेले की वजह से तथा रुट डाईवर्जन की वजह से मुक्तिधाम पर दाह संस्कार करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विलुप्त हो रहे लोकनृत्यों की दिखी अनोखी झलक
दोहरीघाट। आदि काल से कार्तिक पूर्णिमा के महा पर्व पर होने वाले ऐतिहासिक स्नान में विलुप्त हो रहे लोकनृत्यों की झलक देखने को मिली। जिसमे मृंदगा, मयूरी, कहरहुवा आदि लोकनृत्यों को देख नर्तकियो को महिलाओं ने अपने बच्चों को उनके गोंद मे देकर मन्नते मांगने तथा बच्चों के भविष्य की कामना करते हुए पुरानी परंपराओं को जीवंत किया। बिलरियागंज आजमगढ़ निवासी रामजीत,संभल, बलिहारी,मोहन ने कहा कि विगत 25 सालों से हम यहां कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने व अपने नृत्य तथा गीतों के माध्यम से माताओं व बच्चों की मन्नते मां सरयू से मांगते है।
मेले में की जमकर खरीदारी
दोहरीघाट। स्नान व पूजन अर्चन करने के बाद लोगो ने कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले में जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने अपने गृहस्थी के सामानों, सौंदर्य प्रशाधन की खरीदारी की।वहीं पुरुषों किसानों ने भी खेतीबाड़ी के सामानों की खरीदारी की। बच्चो ने मेले में लगे लजीज व्यंजनो का स्वाद लिया। मेले में कस्बे में लगे सभी दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही।
संगठनों ने लगाया निशुल्क स्टाल
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर स्नान करने वाले दूर दराज, आसपास क्षेत्रो से आए हुए स्नानार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा रामघाट, सरयू पुल से कस्बे में आने वाले लोगों के लिए समाजसेवी ओमप्रकाश सोनकर द्वारा नि:शुल्क चाय का वितरण किया गया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में उज्ज्वल जायसवाल, अनुज, आकाश, कुंदन, रूपेश, अवनीश, सचिन, संस्कार आदि रहे। मधुबन विधान सभा क्षेत्र की समाजसेविका पूजा राय ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू तट पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चाय का स्टाल लगाया। भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने लुत्फ उठाया।