सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अलीनगर में रामलीला देखने गए जिस युवक की हत्या हुई वह मुंबई से अपनी प्रेमिका को देखने के लिए घर आया था। अंतर्जातीय प्रेमिका से विवाह की ख्वाहिश सुनील के दिल में ही रह गई।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र अलीनगर गांव निवासी सुनील राजभर का एक गैर बिरादरी की युवती से प्रेम संबंध था। दोनों एक दूसरे को न सिर्फ चाहते थे बल्कि शादी भी करना चाहते थे। इस बीच सुनील शादी का आश्वासन देकर मुंबई कमाने चला गया। सुनील के मुंबई जाने के बाद युवती के परिवार वाले उसकी शादी कहीं और करना चाह रहे थे।
उसने सुनील राजभर से ही शादी करने की बात परिवार से की। इसका परिवार के सदस्यों ने विरोध किया। इसपर 20 दिन पहले उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत गंभीर होने पर परिवार के सदस्यों ने उसका दवा इलाज कराया। तब जाकर उसकी हालत में सुधार आया।
यह खबर सुनकर सुनील मुंबई से घर चला आया था। दोनों एक दूसरे से छिपछिप कर मिलते रहे। यह बात युवती के परिवार के सदस्यों को नागवार गुजरी। इसी बात को लेकर युवती के भाई ने हत्या की साजिश रची।
सूत्रों की माने तो युवती का भाई ही सुनील को रामलीला देखने के लिए बुलाया था। सुनील के आने पर उससे बातचीत करने के लिए हत्यारे एक सुनसान स्थान पर ले गए।
वहां पर उसके भाई और उसके साथी मिलकर सुनील को चाकुओं के वार से मरणासन्न कर घायल शरीर को मृत समझकर पास स्थिति बांस की वाड़ी में फेंक दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरूण कुमार राय का कहना है सुनील की हत्या का मामला प्रेम प्रपंच से ही जुड़ा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।