मऊ जिला अस्पताल में इलाज के अभाव में कोरोना संक्रमित एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। महिला का शव तीन घंटे तक एंबुलेंस में ही पड़ा रहा। शाम तक जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार यह तक नहीं तय सके थे कि महिला का अंतिम संस्कार कैसे किया जाएगा।
रानीपुर ब्लाक के फतेहपुर गांव की 70 वर्षीय महिला को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन रविवार की दोपहर 108 एंबुलेंस से लेकर रानीपुर सीएचसी पहुंचे। उसकी हालात गंभीर देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक ने कोविड जांच के बाद ही इलाज की बात कही। परिजन महिला को लेकर दूसरे छोर पर बने कोविड जांच सेंटर पहुंचे, यहां जांच में महिला पॉजिटिव मिली।
परिजन उसे दुबारा इमरजेंसी ले जा पाते इससे पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक तथा स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल को नान कोविड बताकर इस मामले से दूरी बनाते रहे। उधर, इलाज न होने से खफा परिजनों ने महिला के शव को एंबुलेंस से उतारने नहीं दिया। करीब तीन घंटे से भी अधिक समय तक संक्रमित महिला का शव एंबुलेंस में ही पड़ा रहा। बाद में परिजनों को समझाबुझा कर शव उतारा गया। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस से बातचीत की गई है। शासन के दिशानिर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।