मऊ। नगर क्षेत्र के बड़ागांव में करोड़ों की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देशीय मंगलम भवन निर्धारित समय सीमा से 60 दिन पहले ही बनकर तैयार हो गया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शुक्रवार को नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। प्रोजेक्ट शुरू होने से नगर सहित जिले के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर सुविधाएं किफायती दर पर मिलेंगी। साथ ही नगरपालिका के राजस्व में वृद्धि होगी।
नगरपालिका क्षेत्र में एक मात्र मल्टी कांपलेक्स होने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शादी समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए सुविधा नहीं मिल रही थी। जिलेवासियों की मांग पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने नगर क्षेत्र के बड़ागांव में आठ करोड़ से आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देशीय मंगलम भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान किया।
शासन की तरफ से प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सौंपी गई थी। समय सीमा 12 माह निर्धारित की गई थी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के व्यक्तिगत प्रयास से 60 दिन पहले ही प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया। नवनिर्मित बहुउद्देशीय भवन मंगलम का लोकार्पण शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन अत्यंत ही सुंदर एवं जनोपयोगी है।
लोकार्पण होने के बाद नगर क्षेत्र के लोग ही नहीं ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी प्रोजेक्ट का लाभ मिलेगा। जिलेवासी किफायती दर पर शादी समारोह, कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दूसरे कार्यों के लिए प्रयोग कर सकेंगे। लोकार्पण होने के पूर्व अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने मंगलम भवन में सुविधाओं का जायजा लिया।