नगरपालिका क्षेत्र के प्रमुख सड़कों की दोनों पटरियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका परिषद ने मुनादी करा नाले, सड़क के किनारे अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है। अतिक्रमण करने वाले को 30 नवंबर से पहले अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। अतिक्रमण नहीं हटाया तो कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा, फातिमा तिराहा, आईटीआई, रोडवेज मार्ग सहित विभिन्न मार्ग पर अतिक्रमण होने से सड़कें शाम के समय संकरी हो जाती है। सड़क किनारे दुकानदारों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण हटवाने के लिए नगरपालिका प्रशासन की तरफ से रविवार को मुनादी कराई गई है। नगर पालिका के कर्मचारियों ने दुकानदारों को चिह्नित कर चेतावनी दी थी। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। कस्बे में अतिक्रमण को देख अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार ने अतिक्रमण हटवाने के लिए मुनादी कराई है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर से पहले सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं दिखना चाहिए। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया तो बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। जिसका खर्च भी उन्हीं से वसूल किया जाएगा।