मऊ। जीआरपी पुलिस ने बुधवार को मऊ जंक्शन के प्लेटफार्म एक से ट्रेन में लूट-छिनैती की घटना को अंजाम देने वाली चार शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से एक महिला यात्री द्वारा चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद हुआ। जीआरपी ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय कर दिया।
जीआरपी प्रभारी दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कुछ महिलाएं किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से प्लेटफार्म एक के दक्षिणी छोर पर है। सूचना मिलने पर जब जीआरपी प्लेटफार्म पर पहुंची तो महिलाओं ने भागने की कोशिश की, लेकिन जीआरपी की घेराबंदी के चलते वह गिरफ्त में आ गई। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान कोपागंज थाना क्षेत्र के ओटोपुर निवासी विमला पत्नी बाबूलाल निवासी ओटोपुर थाना कोपागंज, मंजू पत्नी दुर्गविजय तथा करिश्मा पत्नी राजेश निवासी करवनिया थाना बड़हलगंज जिला गोरखपुर तथा माया पत्नी राकेश निवासी गौरी बाजार जिला देवरिया के रूप में हुई। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि महिलाओं के पास से 28 सितंबर 2021 को किड़िहरा रेलवे स्टेशन पर डेमू ट्रेन में सवार एक महिला का मंगलसूत्र गायब कर दिया गया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय कर दिया।