नगर स्थित शीतला माता धाम परिसर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ के क्रम में श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा जुलूस निकाला। इसमें शामिल श्रद्धालुओं के जयकारे से वातावरण गुंजायमान हो गया।
शीतला माता धाम व्यवस्था समिति के तत्वावधान में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जुलूस निकाला। कलश यात्रा में पीले वस्त्र धारण की हुई कुंवारी कन्याएं व महिलाएं सिर पर कलश धारण किए हुए मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं। जुलूस मंदिर परिसर से शुरू होकर विभिन्न मुहल्लों का भ्रमण करता हुआ हनुमान घाट स्थित तमसा तट पहुंचा। वहां से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरा गया।
इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों द्वारा बीच-बीच में देवी देवताओं के जयकारे लगा रहे थे। कलश में विधि विधान से जल भरने के बाद शोभा यात्रा जुलूस टीसीआई मोड़ से वापस राजारामपुरा होते हुए कालीजी के मंदिर से शीतला धाम पहुंचा। पूरे रास्ते भर नगरवासियों ने शोभा यात्रा का स्वागत फूलमाला से किया। जुलूस के आगे कई हाथी व दर्जनों घोड़े तथा आगे-आगे सीताराम का संकीर्तन करते हुए अयोध्या से आए दर्जनों संत करते चल रहे थे। मंदिर पहुंचने के बाद यज्ञ स्थल तथा पंडाल का वैदिक रीति से पूजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विजय राजभर, कमलेश चौरसिया, रामअवध सिंह, हरिकिशोर मोदी, तेज बहादुर, विजय तुलस्यान, पारसनाथ गुप्त,आदि का योगदान रहा।