कोपागंज। (मऊ)सरकार की तरफ से छुट्टा पशुओं से हो रही नुकसान को बचाने के लिए तमाम कवायद विभागीय लापरवाही से फ्लाप साबित होती नजर आ रही है। क्षेत्र के एकौना स्थित पशु आश्रय स्थल पर छुट्टा पशु रखे तो गए हैं, लेकिन यहां चारे की व्यवस्था न होने से किसानों के खेतों में घुसकर फसलों को चट कर जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से रविवार को किसानों का गुस्सा फूट गया। नाराज किसानों ने पशु आश्रय स्थल के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद मार्ग जाम कर दिया। दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों से चाबी देने और मार्ग से हटाने की कोशिश की लेकिन किसान संबंधित विभागीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने के दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे ग्राम विकास अधिकारी कृष्ण कुमार ने किसानों को आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पशु आश्रय स्थल दिनों दिन दुर्दशा का शिकार होता जा रहा है। मवेशियों को यहां न तो भर पेट भोजन मिल रहा है और न ही रहने की कोई व्यवस्था है। इससे मवेशी आए दिन बाड़ा तोड़कर तो कभी देखरेख में लगे कर्मियों की लापरवाही से बाहर निकल जा रहे हैं। झुंड में मवेशी बाहर निकलकर उनकी फसलों को चट कर जा रहे हैं। मवेशियों के उत्पात और जिम्मेदार लोगों की लापरवाही से आस पास के किसानों की फसलों को तहस नहस कर दे रहे हैं। हर बार फसल की बोआई से पहले से आश्रय स्थल में व्यवस्था बेहतर करने के लिए कहा जाता है लेकिन आला अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते हैं। पशु आश्रय स्थल में रखे गए पशुओं के रख रखाव के नाम पर प्रतिमाह मिल रहे बजट को हजम कर लिया जा रहा है। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे।