मऊ। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम अरुण कुमार की अध्यक्षता में सभी नोडल अफसरों, जोनल मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीडीओ राम सिंह वर्मा ने बताया कि चुनाव में लगाए गए कार्मिकों की डाटा फीडिंग पूर्ण कर ली गयी है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने बताया कि सभी खराब ईवीएम एवं वीवी पैट मशीनों को बलिया भेज दिया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी आरओ तथा एआरओ का प्रशिक्षण पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही चुनाव के लिए एआरटीओ को हल्के एवं भारी वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए। निर्देशित किया कि चुनाव में प्रयुक्त होने वाले अनफिट वाहनों के खिलाफ नोटिस जारी कराकर, उसकी सारी औपचारिकता पूरी कराई जाएं। अगर कोई भी अनफिट वाहन सड़क पर चला तो उसके जिम्मेदार एआरटीओ होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। निर्वाचन में लगे कार्मिकों के टीकाकरण की संख्या तथा अन्य जानकारी स्पष्ट न दे पाने के कारण जिलाधिकारी ने सीएमओ को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस को निर्देशित किया कि आपसी तालमेल कर सभी बूथों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की समस्या आए तो उसका निस्तारण अवश्य करें।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी असलहों की जानकारी ली और सभी असलहों को जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित कर लें कि उनके कार्यालय के भीतर या बाहर किसी भी राजनीतिक पार्टी या किसी पार्टी के नेता, फोटो या चिन्ह न लगी हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसएन दुबे, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, अधिशासी अभियंता नलकूप, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।