मऊ। आयुक्त आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में जिला पौधरोपण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान उन्होंने जिले में पौधरोपण कराने के लिए की जा रही तैयारियों पर बातचीत की। साथ ही सीएचसी दोहरीघाट पर पौधों के वितरण का रिकार्ड न होने पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था चुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएफओ प्रभु भाई ने बताया कि जनपद में लगभग 28 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें वन विभाग को 11.71 लाख, पर्यावरण विभाग को 1.41 लाख, ग्राम्य विकास विभाग को 8.89 लाख, राजस्व विभाग को एक लाख सहित अन्य विभागों को उनके लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मंडलायुक्त ने पौधरोपण के लिए जगहों के चिह्नांकन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। मंडलायुक्त ने वीडियो कॉलिंग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट पर पौधों की स्थिति की जांच की। वहां पौधों के वितरण का रिकॉर्ड नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सभी विभागों के विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि जो भी विभाग नर्सरी से पौधे लेकर जाते हैं एवं ले जाने के उपरांत जिन लोगों को वितरित करते हैं उसका रिकॉर्ड अवश्य रखें। पौधों के रख- रखाव एवं विभागों द्वारा पौधों के उठान का सही ढंग का रिकॉर्ड नहीं होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसको सुधारने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान पौधरोपण की तैयारियां ठीक ढंग से नहीं होने पर मंडलायुक्त ने कल तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर जनपद में अमृत वन, खाद्य वन, शक्ति वन, युवा वन आदि कितने और कहां बनाए जा रहे हैं, के बारे में जानकारी ली।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, डीएफओ , सीओ सिटी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।