मऊ। इंदारा-दोहरीघाट रेलमार्ग पर रेलवे की तरफ से समय सारिणी जारी होने के बाद स्टेशनों की रंगाई-पुताई सहित अन्य कार्य रविवार को पूरा कर लिया गया। रेलवे के आलाधिकारियों ने स्टेशनों पर कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। सोमवार यानी 18 दिसंबर से रेलमार्ग पर डीईएमयू चलने लगेगी। ट्रेनों का संचालन होने से जिले के तीन ब्लॉक क्षेत्र के 100 गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा।
35 किमी लंबे इंदारा-दोहरीघाट रेलमार्ग के लिए 165 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ। 20 अक्तूबर 2016 को तत्कालीन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इंदारा जंक्शन पर आमान परिवर्तन की आधारशिला रखी थी। इस बीच 31 जनवरी 2018 को ही रेलवे की तरफ से रेल बस का संचालन बंद कर दिया गया था। इससे दोहरीघाट, बड़रांव, घोसी ब्लाक क्षेत्र के एक लाख आबादी को भारी असुविधा का सामना पड़ रहा था।
क्षेत्रवासियों की तरफ से ट्रेन संचालन की मांग उठ रही थी। इसी बीच, वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर इंदारा-दोहरीघाट रेलमार्ग पर ट्रेन संचालन को हरी झंडी मिलने के बाद रेलवे ने 18 दिसंबर से डीईएमयू के संचालन के लिए समयसारिणी जारी किए जाने के बाद स्टेशनों की सफाई और रंगाई पुताई का कार्य पूरा कर लिया। रेलवे के आला अधिकारियों ने ट्रैक, सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।