मऊ जिले के घोसी चीनी मिल परिसर स्थित डिस्टिलरी कैंपस के पास पानी भरे गड्ढ़े में अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उतराया मिला। मिल कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
विज्ञापन
घोसी सीओ नरेश कुमार ने बताया कि भरौली स्थित घोसी चीनी मिल के डिस्टिलरी कैंपस में गंदे पानी भरे गड्ढे में मिल कर्मियों द्वारा एक युवक का शव मिलने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकालवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया कि मृतक की उम्र 30 वर्ष के करीब है।
उसके पास से तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बताया कि युवक का शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।