घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा स्थित यूनियन बैंक की शाखा का चोरों ने लाकर तोड़कर चोरी का प्रयास किया। हालांकि वह लाकर तोड़ने या काटने में विफल रहे लेकिन वह गार्ड की बंदूक उठा ले गए।
कैश रिसीवर मशीन को भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन विफल होने पर उसमें आग लगा दी। घटना की सूचना बैंक कर्मियों को सुबह हुई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक एसपी उपाध्याय पहुंचे। मौके पर खोजी कुत्ते को भी लगाया गया लेकिन पुलिस चोरों का सुराग लगाने में विफल रही।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा में युनियन बैंक की शाखा है। बुधवार की रात चोर लोहे की खिड़की को कटर से काटकर अंदर घुसे। वह बैंक के लाकर को तोड़ने का भरपूर प्रयास किए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इस दौरान वह कैश रूम में ही रखे गार्ड की दो नाली बंदूक भी उठा ले गए साथ ही सीसी कैमरे का पूरा सिस्टम भी उठा ले गए।
चोर लाकर तोड़ने में असफल होने पर बैंक में रखी कैश रिसीवर मशीन को तोड़ने का प्रयास कर कैश पाने की कोशिश किए लेकिन यहां भी असफल होने पर वह उसमें आग लगा दिए। घटना की जानकारी बैंककर्मियों को सुबह हुुई।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक एसपी उपाध्याय, कोतवाल विश्वजीतसिंह मय फोर्स पहुंचे। चोरी का सुराग लगाने के लिए खोजी कुत्ते को भी लगाया लेकिन कुछ भी सुराग हाथ नहीं लग सका। इस संबंध में बैंक मैनेजर सुनील कुमार रंजन ने पुलिस को अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है।