बरामद हथियारों के बारे में जानकारी देते एसपी सुरेंद्र बहादुर सिंह।
- फोटो : mau
स्वाट टीम और कोपागंज थाने की पुलिस ने सोमवार की देर शाम हिकमा पट्टी के पास तीन अंतरजनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर किया। इनके पास से एक पिटस्ल, तीन रिवाल्वर, आठ तमंचे और आठ कारतूस बरामद किएा। असलहों को बिहार से एजेंटों के जरिए मंगाया गया था। लोक सभा चुनावों के मद्देनजर इनकी खपत आजमगढ़ में की जाने की तैयारी थी। प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने मंगलवार को कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि स्वाट टीम और कोपागंज थाने की पुलिस को गश्त के दौरान सोमवार की देर शाम मुखबिर ने सूचना दी कि धवरिया की ओर से कई युवक कुछ ही समय में हिकमाचट्टी तिराहे से होकर नदवासराय होते हुए आजमगढ़ जाने वाले हैं। इनके पास अवैध असलहे और कारतूस आदि हैं। सूचना पाते ही टीम ने हिकमा चट्टी के पास घेरेबंदी कर दी। कुछ ही देर में तीन युवक अपने हाथों में थैला लिये आते दिखायी दिये। नजदीक आते ही पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। तलाशी में पुलिस ने एक पिस्टल, तीन रिवाल्वर, आठ तमंचे और आठ कारतूस बरामद किए। एसपी ने बताया कि इन असलहों को तस्कर मऊ, आजमगढ़, देवरिया और बलिया जिलों में ले जाकर बेंचते हैं। असलहों को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आजमगढ़ ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में तस्करो ने कारतूस रखे जाने के बाबत बताया कि असलहों में इन कारतूूसों को लगाकर टेस्ट करके ग्राहकों को दिखाते हैं। पकड़े गए तस्करों में मुख्तार पुत्र स्व. अब्दुल जब्बार आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाने के कारखाना जगदीशपुर गांव तथा बृजभान पुत्र शिवलाल मौर्य तरवां थाने के जमुवा गांव का निवासी निकला। तीसरा तस्कर सोनू कुमार पुत्र भोला मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के चकजाफरी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। एसपी ने बताया कि असलहा तस्करों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को दस हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।