मधुबन थाना क्षेत्र के काठतरांव गांव में गत दिनों सेल्समैन से हुई 52 हजार रुपये लूट का स्थानीय पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। लूट के 9 हजार रूपये नगदी के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी गंभीरपुर थाना क्षेत्र से की गईं है। इसका इस घटना में शामिल होना बताया जा रहा है। जबकि दूसरे साथी के फरार होने की बात कही गई है। लूट में शामिल आरोपी थाना नगरा जनपद बलिया के ठिठवारे गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जबकि दूसरा आरोपी गोरखपुर के थाना बेलघाट अंतर्गत शाहपुर चिमनियां का बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बता दें मधुबन थाना क्षेत्र के काठतरांव में मिश्रा फिलिंग पंप के सेल्समैन से गत 20 दिसंबर को लगभग साढ़े तीन बजे 52 हजार रुपये उस समय लूट लिए गए जब वह पैसा लेकर बेलौली स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक की शाखा में जमा कराने जा रहा था। उसी समय एक बाइक पर सवार दो असलहा धारी पीछे से सेल्समेन को ओवरटेक करके तमंचे के बल पर रोके और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद कयास लगाया जा रहा था कि अपराधी लूट के बाद मऊ की सीमा से सटे बलिया जनपद में घुस गए होंगे। इसी को आधार बनाकर पुलिस ने बलिया जिले में अपना जाल बिछाया। इसमें एक लड़के को मधुबन से भी एसओजी ने उठाया था। आरोपी के पास से एक असलहा व हिस्से में मिले 26 हजार में से नौ हजार रूपये बरामद कर लिया। पकड़ा गया अभियुक्त विनोद चौबे पुत्र रामेश्वर चौबे निवासी ठिठवारे थाना नगरा जिला बलिया का बताया जाता है। जबकि विनोद ने पुलिस की पूछताछ में दूसरे अपराधी का नाम रमेश यादव पुत्र भरत यादव निवासी शाहपुर चिमनियां थाना बेलघाट गोरखपुर का रहने वाला बताया जो फरार है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया।