रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में गुरुवार की रात चोरों ने एक मोबाइल की दूकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी, मोबाइल, लैपॅटाप सहित एक लाख से अधिक के समान पर अपना हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी दूकानदार को सुबह हुई। सूचना पाकर मौके पर सीओ, थानाध्यक्ष सहित डाग स्क्वायड की टीम पहुंची। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार की गली में पवन गुप्ता पुत्र प्रेमचंद गुप्ता की मोबाइल की दुकान है। नित्य की भांति दूकानदार अपनी दूकान बंद करके कुछ दूर पर स्थित अपने घर चला गया। रात में चोर आए और शटर का ताला तोड़कर दूकान में रखे लैपटाप, आठ हजार रुपया नकद, 60 नई और पुरानी मोबाइल, चार्जर, लैपटॉप मोबाइल आदि एक लाख से अधिक का सामान उठा ले गए।
घटना की जानकारी दूकानदार को सुबह हो गई। दूकानदार पवन गुप्ता ने जब अपना शटर उठाया तो उसके होश उड़ गए। दूकान से सभी सामान गायब थे। चोरी की सूचना मिलने पर बाजार के सभी दूकानदार एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर सीओ मुहम्मदाबाद गोहना, थानाध्यक्ष अरूण राय, खुरहट चौकी प्रभारी आदि पहुंचे। जिला मुख्यालय से फिंगर प्रिंट एवं डाग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक खोजबिन की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर भी व्यापारियों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना के खुलासे की मांग किया। दूसरी तरफ पीड़ित दूकानदार ने घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस में तहरीर दी है।