मुजार बुजुर्ग गांव स्थित एक मकान में चोरी के बिखरा सामान।
- फोटो : mau
घोसी कोतवाली क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक मकान के दो कमरों का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नगदी चुरा ली। चोरी उस समय हुई जब लोग गहरी नींद में थे। सुबह जगे तो चोरी का पता चला। गृहस्वामी ने पुलिस को चोरी की बाबत तहरीर दे दी है। घोसी कोतवाली क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग निवासी भोगी यादव (70) पुत्र विदेशी यादव घर के बरामदे में सोए हुए थे। घर के अंदर अकेले बहु थी । घर के अन्य सदस्य एक मरीज लेकर घोसी अस्पताल गए थे। चोर रात में मकान के पीछे से जंगला व बरजा के सहारे छत पर चढ़ कर सीढ़ी के रास्ते अंदर आए। इस दौरान दो कमरों का ताला तोड़कर उसमें रखे चार बक्से व एक अटैची का लॉकर तोड़ा और 3 सोने का कंनफूल, 2 सोने का झुमका, एक सोने का माला, 2 सोने की अंगूठी, एक सोने का मांगटीका, एक सोने का नथिया, एक सोने का लाकिट, 3 चांदी का पायल, एक चांदी का पेटी सहित 4 हजार नगदी लेकर चंपत हो गए।
सुबह घर की बहू जगी तो कमरों का दरवाजा खुला देख हतप्रभ रह गई।
बॉक्स से सामान बिखरे पड़े थे और उसमें रखे आभूषण गायब थे। यह देख वह रोने लगी। सूचना मिली तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। किसी ने पुलिस को खबर कर दी। जिसने पहूंच कर मौका मुआयना किया। पुलिस ने लोगों से जानकारी ली। लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उधर, पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।