कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी नगर पंचायत स्थित भारतीय स्टेट बैंक के
एक एटीएम के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने सोमवार की रात चोरी का प्रयास
किया।
शटर का ताला तोड़कर मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन कैश बाक्स
तक नहीं पहुंच सके। इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोपागंज
थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक की शाखा अदरी में एटीएम लगा है। सोमवार की रात
एटीएम का ताला बंद था। रात के समय शटर का ताला तोड़कर चोर भीतर घुस गए।
चोरों ने एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन विफल रहे। मशीन को चोरों
ने कई स्थानों से क्षतिग्रस्त कर कैश बाक्स तक पहुंचने का प्रयास किया।
सुबह बैंक खुलने पर जब कर्मचारियों को पता चला कि एटीएम में चोरी हो गई है
तो वह अवाक रह गए। शाखा प्रबंधक संजय दत्ता ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन की फिर एटीएम के कैश बाक्स को चेक किया
गया। एटीएम में कैश लगभग चार लाख सुरक्षित मिला। इस संबंध में शाखा प्रबंधक
संजय दत्ता ने बताया कि रात में सीसी कैमरा भी बंद था।
सीसी कैमरे में भी
रात की घटना का कोई रिकार्ड नहीं है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर
दी है।