मधुबन। थाना क्षेत्र के धर्मपुर छावनी गांव में अलाव से सोमवार की शाम 6 बजे एक ग्रामीण के रिहायशी मड़ई में आग लग गई। जिससे उसके परिवार के ही 13 रिहायशी मड़ई भी आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। वहीं आगलगी की घटना में एक किशोरी गंभीर से झुलस गई। घटना के बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
मधुबन थाना क्षेत्र के धर्मपुर छावनी गांव निवासी हरी पुत्र रामाधार चौहान सोमवार की शाम 6 बजे करीब अपने परिवार के सदस्यों के साथ बाहर बैठकर अलाव ताप रहा था। इसी दौरान अलाव से निकली चिंगारी से हरी चौहान की रियाहशी मड़ई में आग लग गई, जोकि देखते देखते पास में हरी के तीन भाई रामकेवल, उमा शंकर, राम बदन की 12 रिहायशी मड़ई में आग लग गई। आगलगी की इस घटना में रामकेवल की 18 वर्षीय पुत्री प्रियंका झुलस गई। गांव में एक साथ 13 झोपड़ियों में आग लगने से गांव में अफरा तफरी का माहौल मच गया, और बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। उधर परिजनों ने झुलसी किशोरी को फतेहपुर मंडाव सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है।