मऊ। मधुबन थाने में बुधवार की शाम को एक सर्राफा कारोबारी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी कर एक लाख 25 हजार रुपये मूल्य के तीन सोने की चेन लेने और रुपया की मांग करने पर धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को प्रार्थना पत्र देने वाला सर्राफा कारोबारी अमित वर्मा पुत्र गोपाल वर्मा मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह का निवासी है। उसने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह दरगाह बाजार में छोटी सी आभूषण की दुकान खोला है। आज अपराह्न तीन बजे के करीब उसके गांव का एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया। उसके साथ एक युवक था, जिसे वह अपना दामाद बताया। दोनों उसकी दुकान से सोने की चेन पसंद किए। इस दौरान घर पर दिखाकर आने की बात कहकर गए। घर से देर शाम को वापस लौटे उसके गांव का निवासी व्यक्ति रोते हुए उसे बताया कि वह ठगी का शिकार हो गया। उसके साथ का व्यक्ति तीनों चेन लेकर फरार हो गया। दुकानदार ने जब उनसे चेन का मूल्य देने को कहा, तो वह उसे उल्टे ही धमकी दे रहा है। दुकानदान ने दुकान पर लगे सीसी टीवी का हवाला देते हुए इस मामले में कार्रवाई करने की मांग किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं है।