चोरों ने बाजार स्थित थाने से सटे एक मोबाइल की थोक दुकान में भीषण चोरी कर डाली और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में पुलिस की निष्क्रियता की पोल खुल गई। पुलिस के नक्कारेपन से बाजार के व्यापारियों में नाराजगी है। 36 घंटे बाद भी पुलिस की तफ्तीश अभी आगे नहीं बढ़ पाई है।
खरिहानी रोड पर एक कटरे में कसबे के महतवाना निवासी सुनील मौर्य पुत्र चन्द्रभूषण मौर्य और युसुफाबाद निवासी राजकुमार गुप्ता पुत्र कुबेर गुप्ता की मोबाइल की दुकान है। दुकान की सीमेंट की चादर तोड़कर शनिवार की रात चोर 6 लाख रुपये के कीमती मोबाइल सेट और कैश बाक्स में रखे 3 लाख 70 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। जानकारी रविवार को सुबह 11बजे उस समय हुई जब वह दुकान खोलने पहुंचा। दुकानदार ने थाने में तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना आलोक कुमार जायसवाल ने थानाध्यक्ष और खोजी कुत्ते के साथ घटना स्थल का निरीक्षण भी किया। सीओ आलोक कुमार जायसवाल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल चोरों की सुरागरसी के लिए एसओ को निर्देशित किया गया है।
बाजार में शनिवार की रात मोबाइल की दुकान में हुई चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने सोमवार की शाम पांच बजे व्यापारियों के संग बैठक किया। इसमें मोबाइल के साथ-साथ सराफा कारोबारियों ने भाग लिया। पुलिस ने व्यापारियों से सीसी कैमरा लगवाने की अपील किया। अध्यक्षता थानाध्यक्ष चिरैयाकोट सौरभ कुमार राय ने किया। बोले बीते शनिवार को मोबाइल की दुकान में यदि सीसी टीवी कैमरा लगा होता तो आज चोरों का पता लगाने में आसानी होती। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में कैमरा लगवाने का आश्वासन दिया। बैठक में राजकरन वर्मा, संतोष वर्मा शुभम गुप्ता, राजीव गुप्ता, संदीप, मोनू, राजकुमार गुप्ता, शहजाद आदि उपस्थित रहे।