वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के कोलौरा कमालपुर जैगवा के सीवान स्थित एक मैदान में स्थापित बजरंगबली की मूर्ति रविवार की रात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। मूर्ती पत्थर से बनी थी। सोमवार की सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नई मूर्ति स्थापित कराने और शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों का गुस्सा शांत कराया। बाद में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह रोजाना की भांति मैदान में दौड़ लगाने निकले गांव के युवक हनुमान की मूर्ति को नमन करने पहुंचे तो उन्हें प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। प्रतिमा टूटी देखकर युवकों ने गांव के अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। उधर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ही हिंदु युवा वाहिनी के आशुतोष सिंह को हुई तो सभी मौके पर पहुंचे। आशुतोष ने फोन से पुलिस को घटना की सूचना दिया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से नाराज लोग माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पर सीओ राजकुमार मय फोर्स वहां आए और मौका मुआयना कर जानकारी हासिल की। उनके द्वारा नई प्रतिमा लगवाने और दोषियों पर करवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
इस बाबत सीओ राजकुमार ने बताया कि हनुमान की एक छोटी प्रतिमा मैदान में रखी थी जिसे शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।