हलधरपुर। जमीन विवाद में शुक्रवार को लल्लन के युवा और होनहार बेटे संदीप की हत्या से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस दरवाजे पर तीन महीने बाद बेटी की शादी की शहनाई बजने वाली थी। संदीप मुंहबोली बहन की शादी के लिए परिजनों संग तैयारियों में जुटा था।
बाजपुर निवासी लल्लन यादव एवं रामसेवक यादव के बीच कई दशकों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक पक्ष की जिद लल्लन यादव के परिवार पर भारी पड़ गई। दबंगों ने संदीप यादव को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। संदीप यादव मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। गोली लगने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए पहले चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले आए और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
वहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जनपद मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया परंतु एंबुलेंस रतनपुरा ब्लॉक चौराहे पर पहुंचते ही खराब हो गई तो उसे दूसरे वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। संदीप का बड़ा भाई संजय यादव गांव पर रहकर खेती करता है जबकि पिता लल्लन रायपुर में रहकर नौकरी करते हैं। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पीएससी और पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव एवं सीओ मधुबन श्वेता ओझा भी मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। भाई की मौत से बहन सरिता का रो-रोकर बुरा हाल था। जबकि अस्पताल में भर्ती संदीप की मां बालमती को बेटे की मौत की जानकारी नहीं थी।
काश पुलिस ने पहले दिया होता ध्यान
घटना के बाद गांव में यही चर्चा थी कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी सालों से विवाद चल रहा था। लल्लन के परिवारी जन पट्टीदारों की दबंगई की शिकायत कई बार पुलिस से करते रहे। लेकिन पुलिस ने इस विवाद को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया और इतनी बड़ी घटना हो गई। इसी थाना क्षेत्र के मुहवामोड़ पर घटे भारी उपद्रव के बाद भी थानेे की पुलिस ने कुछ भी सबक नहीं लिया।